दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों से व्यापार ठप, CTI ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, नवरात्रि से दिवाली तक की रोक लगाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली:  दिल्ली में लगातार हो रहे बड़े धरना-प्रदर्शनों ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली समेत प्रमुख इलाकों में हजारों लोगों के प्रदर्शनों के कारण पिछले तीन दिनों में बाजारों का हाल बेहाल हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (CTI) ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस पर तत्काल कड़े कदम उठाने की गुहार लगाई है।

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि और रामलीलाओं का शुभारंभ हो रहा है, जिसके बाद दीवाली तक त्योहारी सीजन का सबसे महत्वपूर्ण दौर चलेगा। ऐसे में दिल्ली के मुख्य व्यापारिक केंद्रों पर लगातार हो रहे प्रदर्शनों से करीब 15 लाख व्यापारियों का कारोबार संकट में पड़ गया है। प्रदर्शन से व्यापारियों को काफ़ी दिक्क़तों का सामना करना पड़ रहा है।

CTI की मुख्य मांगें:

नवरात्रि से लेकर दीपावली तक दिल्ली के मुख्य बाजारों, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और लुटियंस जोन में 1000 से अधिक लोगों के धरने-प्रदर्शनों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, ताकि त्योहारी और शादी-ब्याह का सीजन प्रभावित न हो।

भविष्य के लिए नियम बनाए जाएं कि जंतर-मंतर व प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में एक साथ एक हजार से अधिक लोगों को विरोध प्रदर्शन की अनुमति न मिले।

बाहरी दिल्ली के बुराड़ी या रामलीला मैदान जैसी जगहों पर एक स्थायी ‘प्रोटेस्ट जोन’ निर्धारित किया जाए, ताकि आम जनता, यातायात और व्यापारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

व्यापारिक संगठनों का साफ कहना है कि अगर समय रहते सरकार ने इस पर कोई ठोस दिशा-निर्देश जारी नहीं किए, तो दिल्ली के व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial