सीएम धामी ने प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में टेका मत्था, बोले- गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाकर मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश था कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।

धामी ने कहा कि गुरु नानक देव की तीन प्रमुख शिक्षाएं परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका कमाने और अपनी कमाई दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सिख परंपरा की ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से गुरु नानक देव ने सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, जो सामाजिक समरसता का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में समाज का योगदान सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब गलियारे के खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। प्रदेश में स्थित हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी और बुजुर्गों, महिलाओं तथा दिव्यांगों को विशेष सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करना, हर व्यक्ति का सम्मान करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही गुरु नानक देव की शिक्षाओं का वास्तविक अनुसरण है। उन्होंने प्रकाश पर्व पर सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें