एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। फाइनल मुक़ाबले में चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने एशियाई खेलों में 44 साल बाद गोल्ड जीतने में कामयाबी हासिल की । इससे पहले भारत ने महिला हॉकी में एकमात्र स्वर्ण पदक साल 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों में जीता था।
कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में मैदान पर उतरी भारतीय टीम के लिए मैच का एकमात्र और विजयी गोल 10वें मिनट में लालरेम्सियामी ने दागा। यह उनका 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी था।
इस खिताबी जीत के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है।
एशियन गेम्स में शुक्रवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा। आज भारत की झोली में कुल 6 गोल्ड मेडल आए। मेडल टैली में भारत पांचवें स्थान पर आ गया है। भारत के कुल मेडल की संख्या अब 76 पहुंच गई है।









