मध्य प्रदेश: उज्जैन में ऐतिहासिक शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान भारी बवाल और पथराव की घटना सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उज्जैन में आगामी सिंहस्थ कुंभ 2028 के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। जिसमें कुछ हिस्सा शाही मस्जिद का भी आ रहा है।
सुबह कार्रवाई की तैयारियों के बीच मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद के पास एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान अचानक भीड़ की तरफ से भीषण पथराव शुरू हो गया। उग्र भीड़ को तितर-बितर करने और हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और हल्का बल प्रयोग किया।
हालात को देखते हुए शाही मस्जिद परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम करते हुए 2500 से ज्यादा पुलिस बलो को तैनात किया गया। साथ ही, पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।








