चित्तौड़गढ़ः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् को भुला दिया। भारत माता की मैं वंदना करता हूं। ये बोलते-बोलते हजारों लाखों लोग फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे, गोलियां खाई थी। लाठियां खाई, कई साल जेल में रहे। वोट बैंक की राजनीति में कांग्रेस ने वंदे मातरम् को भुला दिया। कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘वंदे मातरम्’ का अपमान किया, यह अपमान हिंदुस्तान बर्दाश्त नहीं करेगा।
अमित शाह ने कहा कि लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने वंदे मातरम को सम्मान दिया, लेकिन कांग्रेस ने राष्ट्रीय गीत का अपमान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था। चालू गान में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को गान रोकने का कहा। हम सब टीवी पर देखते रह गए। 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह अमर मंत्र, अमर गान जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है। तो कांग्रेस को यह पसंद नहीं आ रहा है। इसके लिए कांग्रेस को भारत की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए।
अमित शाह ने कहा कि सोनिया जी 140 करोड़ जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया ये पाप इस देश की जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम का गान अधूरा छोड़ दिया जाए। कांग्रेसियों को दोनों हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा से और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।









