मुंबई: शिवसेना (UBT) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने अयोध्या राम मंदिर में हुए कथित चंदा घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने भाजपा की तुलना विदेशी लुटेरों से करते हुए आरोप लगाया कि मंदिर को लूटने वाले “नए गजनी और बाबर” खुद भाजपा के अंदर ही बैठे हैं।
संजय राउत ने कहा कि जिस तरह महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, ठीक उसी तरह आज भाजपा ने राम मंदिर को लूटा है।राउत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अक्सर मुग़लों द्वारा मंदिर लूटने की बात करती है, लेकिन आज राम मंदिर ट्रस्ट में कथित तौर पर ₹500 करोड़ का जो घोटाला हुआ है, उसे लूटने कोई अलाउद्दीन खिलजी या बाबर बाहर से नहीं आया; यह काम करने वाले “नए मुग़ल” खुद भाजपा में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में राम का ही अस्तित्व मिटा दिया गया है, उनके दानपेटी से पैसा चोरी कर लिया जा रहा है और इसको देखने वाला कोई नहीं है। राम मंदिर ट्रस्ट में लगभग 500 करोड़ का घोटाला हुआ है। राम मंदिर से सोना, चांदी और चढ़ावे में आए सभी चीजों को गायब कर दिया है यह सरकार भगवान राम के आशीर्वाद से सत्ता में आई थी, और यह भगवान राम के श्राप से सत्ता छोड़ देगी।
उन्होंने इस मामले पर पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की चुपकी पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर इन्होंने एक शब्द नहीं बोला।संजय राउत ने राम मंदिर विवाद पर RSS सरसंघचालक मोहन भागवत से दखल देने की अपील की है।








