NEET पेपर लीक को लेकर भड़के राहुल गांधी, बोले – युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा है अपराध, नीट अब परीक्षा नहीं नीलामी बन चुकी है

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

NEET की परीक्षा रद्द होने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी काफ़ी भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि नीट अब परीक्षा नहीं नीलामी बन चुकी है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि-

नीट 2026 के पेपर लीक की खबर सुनी। कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले व्हाट्सऐप पर बिक रहे थे। 22 लाख से ज्यादा बच्चे सालभर रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाजार में सरेआम नीलाम हो गया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है। 10 साल में 89 पेपर लीक, 48 बार दोबारा परीक्षा। हर बार वही वादे, और फिर वही खामोशी।

राहुल गांधी ने कहा कि किसी पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे, जबकि लाखों छात्रों ने रात-रात भर जागकर तैयारी की। लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक और अव्यवस्था मिली।

राहुल ने कहा कि 22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को ‘भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था’ ने कुचल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार ने छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है। छात्रों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है।

परीक्षा रद्द होने के बाद अब लाखों छात्रों को दोबारा मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर भी हमला करते हुए कहा कि सरकार का तथाकथित ‘अमृतकाल’ देश के युवाओं के लिए ‘विषकाल’ बन गया है। शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ियां छात्रों का भरोसा तोड़ रही हैं।

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial