चुनाव से पहले योगी कैबिनेट का विस्तार, समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी में आए मनोज पांडे समेत 6 नए चेहरों को मिली एंट्री, दो मंत्रियों का हुआ प्रमोशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आज यानि रविवार को योगी कैबिनेट का विस्तार हो गया। विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस विस्तार में छह नए मंत्री बनाए गए हैं। इनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, अजीत पाल समेत कई लोग शमािल हैं। इसके अलावा दो राज्यमंत्रियों का प्रमोशन भी हुआ है। जिन्हें राज्यपाल ने शपथ दिलाई। योगी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या अब 60 हो गई है।

भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दोनों विधायकों को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई। वहीं, अजीत पाल, सोमेन्द्र तोमर ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पद की शपथ ली। अभी तक यह दोनों योगी मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री थे। इन दोनों मंत्रियों का योगी मंत्रीमंडल में प्रमोशन हुआ है।

कृष्णा पासवान,  कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली है।

मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश का तंज 

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी मंत्रिमंडल विस्तार पर लिखा, “समय बिताने के लिए करना है कुछ काम! वैसे भी मंत्रिमंडल के विस्तार में तो इनका कोई काम है नहीं। उधर से पर्ची आएगी, यहाँ तो सिर्फ़ पढ़ी जाएगी। भाजपा राज में वैसे भी CM का मतलब बस यही रह गया है : Courier-Messenger. वैसे जनता पूछ रही है कि फ़िल्म सबसे आगे बैठकर देखेंगे या पीछे बैठकर? जनता का अनुरोध है कि फ़िल्म ध्यान से देखिएगा… हो सकता है ‘कर्मफल-कंसफल’ का सिद्धांत समझकर कुछ जागरण हो जाए और कुछ अच्छा बदलाव भी। हम तो यही मानते हैं कि मूल रूप से व्यक्ति नहीं उसका ‘लालच-लोभ’ ही बुरा होता है, जो धीरे-धीरे उसका दुराचरण बन जाता है।

उन्होंने आगे लिखा, बुराई इंसान को और बुरा बनाती जाती है। इसके विपरीत ये भी सच है कि जब व्यक्ति ‘स्वार्थ’ को छोड़कर ‘परमार्थ’ के मार्ग पर चल निकलता है तो सकारात्मक परिवर्तन आ सकता है, वो मानवता के लिए सार्थक साबित हो सकता है। अपने अंदर की सौ बुराइयों के ऊपर चंद अच्छाइयां जीत हासिल कर सकती हैं, यही महाकाव्यों का गहरा आंतरिक संदेश है। अपनी गलतियों और दुर्भावनाओं के लिए प्रायश्चित करने का कोई स्थान नियत नहीं होता है, इसके लिए अंदर का प्रकाश चाहिए जो सैकड़ों लोगों के बीच ‘अंधेरे बंद परिसर’ में भी हो सकता है। तमसो मा ज्योतिर्गमय!”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial