लखनऊ: अखिलेश यादव ने एक बार फिर EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश ने चुनाव प्रक्रिया और EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि साल लगें या सदी, हम EVM को हटाकर रहेंगे।
हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी EVM के रहते हुए भी भाजपा को हराने की क्षमता रखती है। अखिलेश ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि सपा के वोट काटने के लिए फर्जी तरीके से फॉर्म-7 भरवाए गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की जीत का मुख्य आधार ‘PDA’ यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज है। उन्होंने संकल्प लिया कि सपा सरकार बनने पर बेटियों को (KG) से पीजी (PG) तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने कैंसर इंस्टीट्यूट को सक्रिय कर गरीबों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने का वादा किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में महिलाओं और एससी-एसटी समुदाय के खिलाफ बढ़ते अपराधों के लिए NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर अखिलेश यादव पारंपरिक पगड़ी बांधे और हाथ में तलवार व भाला लिए नजर आए।
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन की सरकारी छुट्टी दी जाएगी। इसके साथ ही गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसमें सोने का भाला लगाया जाएगा।









