तमिलनाडु में कांग्रेस ने TVK नेता विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का फैसला किया है। यह फैसला देर रात तमिलनाडु कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में लिया गया। तमिलनाडु मामलों के AICC प्रभारी गिरीश चोडनकर ने TVK को समर्थन देने पर फैसला करने के लिए समिति की यह बैठक बुलाई थी।
तमिलनाडु में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए TVK नेता विजय का समर्थन करने का सर्वसम्मति से फैसला किया। इससे पहले, कांग्रेस ने दावा किया था कि विजय ने राज्य में सरकार बनाने के लिए उसका समर्थन मांगा है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि “TVK अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। इसको लेकर INC का रुख स्पष्ट है कि, तमिलनाडु में जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की मूल भावना और उसके हर पहलू की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस इस बात पर दृढ़ है कि किसी भी तरह से BJP और उसके प्रतिनिधियों को तमिलनाडु की सरकार नहीं चलाने दिया जाएगा।”
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में, विजय की पार्टी, TVK, 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, और उसने एक ऐतिहासिक उलटफेर किया है। विजय की पार्टी TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतीं हैं जो बहुमत के आंकड़े से कम हैं । सरकार बनाने के लिए उन्हें 10 विधायकों के समर्थन की जरूरत है।









