पश्चिम बंगाल: पीएम मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की महिला मतदाताओं से विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने TMC को “महिला विरोधी” पार्टी बताया। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के पास ‘महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास’ का मॉडल है और पार्टी को वोट देने से टीएमसी द्वारा “बेटियों पर किए जाने वाले अत्याचारों” से मुक्ति सुनिश्चित होगी।
मोदी ने कहा, “टीएमसी एक महिला विरोधी पार्टी है। भाजपा महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास मॉडल पर काम करती है। आप हमें वोट दें। हम बंगाल को सालों की कठिनाइयों से मुक्त करेंगे। टीएमसी के डर से मुक्ति, टीएमसी के भ्रष्टाचार से मुक्ति, टीएमसी के सिंडिकेट से मुक्ति, बेटियों पर होने वाले अत्याचारों से मुक्ति, पलायन की मजबूरी से मुक्ति, बेरोजगारी से मुक्ति और घुसपैठियों के कब्जे से मुक्ति।”
पीएम मोदी ने कहा, “जब बंगाल की महिलाएं न्याय मांगती हैं, तो टीएमसी उन्हें अपने घरों से बाहर न निकलने के लिए कहती है। उस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने में मदद की थी, लेकिन टीएमसी ने उस बेटी को उनसे छीन लिया। हमने उस मां को ही अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने संदेशखाली की पीड़िता को भी नेतृत्व करने का अवसर दिया है।
पीएम मोदी ने महिला शक्ति पर अपना अटूट भरोसा जताते हुए कहा कि वे “21वीं सदी के बंगाल की एक नई गाथा” लिखेंगी। उन्होंने कहा, “मैं देख रहा हूं कि बंगाल की नारी शक्ति 21वीं सदी के बंगाल का नया इतिहास लिखने जा रही है। बंगाल की हर महिला कह रही है- अब हम और बर्दाश्त नहीं करेंगे, हम टीएमसी सरकार को बदल देंगे। मैं आज बंगाल की हर बेटी को यह भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा उनके सपनों को कुचलने नहीं देगी।
बता दें कि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जिसके बाद 4 मई को वोटों की गिनती होगी।








