पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड तोड़ मतदान , बंगाल में 92 फीसदी से ज़्यादा वोटिंग , तमिलनाडु में 85.14 फीसदी मतदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार बंपर वोटिंग हुई है।पश्चिम बंगाल में पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान दर्ज किया गया है। 16 जिलों की 152 सीटों पर हुए मतदान में 92.88 फीसदी वोटिंग हुई, जो पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 10 फीसदी ज्यादा है। वहीं तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 85.14% वोटिंग हुई।

इससे पहले तमिलनाडु में सबसे ज्यादा मतदान 2011 में 78.29% था, जबकि बंगाल में 2011 में 84.72% मतदान दर्ज किया गया था। ममता ने वोटिंग के बाद कहा- बंगाल की जनता ने SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग की है। वहीं दूसरी तरफ गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि TMC का सूरज ढल चुका है।

इतनी बड़ी बढ़ोतरी ने सियासी दलों की चिंता बढ़ा दी है और अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इसका फायदा किसे मिलेगा। पहले चरण में कुल 1478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। मतदान के दौरान मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

पश्चिम बंगाल के 12 जिलों में 90 फीसदी से अधिक मतदान हुआ। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे ज्यादा 94.4% वोटिंग दर्ज की गई। इसके अलावा कूचबिहार, मुर्शिदाबाद और जलपाईगुड़ी जैसे जिलों में भी भारी वोटिंग हुई है।

बंगाल में वोटिंग खत्म होने के बाद अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है। हेलिकॉप्टर से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ढलता हुआ सूरज दिख रहा है। शाह ने कैप्शन में लिखा- तृणमूल के भ्रष्टाचार और गुंडाराज का सूरज ढल चुका है।

वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु मकि सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत दर्ज हुआ है। चुनाव आयोग दोनों राज्यों के हर मतदाता को सलाम करता है।”

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का चुनाव छुटपुट घटनाओं के बीच ख़त्म हो गया। सभी पार्टियां अपने अपने जीत के दावे कर रही हैं। यह तो 4 मई को वोटों की गिनती के बाद ही पता चल पाएगा कि जनता ने किस पार्टी पर भरोसा किया। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा जहां 142 सीटों पर वोट डाले जायेंगे। जबकि वोटों की गिनती 04 मई को होगी।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial