पश्चिम बंगाल: बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर में पीएम मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘हर जनसभा पहले से ज्यादा बड़ी होती जा रही है। यह माहौल, यह प्यार, यह उत्साह, यह जोश, यह विरोध भी उस बेरहम सरकार के खिलाफ गुस्से का प्रतीक है।’ इसके साथ ही पीएम मोदी ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी नहीं चाहती है कि बंगाल की बेटियां विधायक और सांसद बनें।
बंगाल की बहनों- बेटियों के साथ हुआ विश्वासघात
पीएम मोदी ने कहा, ‘बीजेपी की पहचान महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा है। इसीलिए, देश के हर राज्य में बहनें और बेटियां BJP को सबसे ज्यादा आशीर्वाद देती हैं। हम एक विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की भूमिका का विस्तार करना चाहते हैं और ज्यादा से ज्यादा बेटियों को राजनीति में भी आने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं। आपने देखा कि संसद में क्या हुआ। TMC ने एक बार फिर बंगाल की बहनों के साथ विश्वासघात किया है।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘बंगाल की महिलाएं 33% आरक्षण चाहती थीं। मोदी ने इसे सुनिश्चित किया। बंगाल की महिलाएं चाहती थीं कि इसे 2029 से लागू किया जाए। मोदी ने इसके लिए भी प्रयास किए। लेकिन TMC नहीं चाहती थी कि बंगाल की बेटियां MLA और MP बनें, क्योंकि बंगाल की बेटियां उनके ‘महा जंगल राज’ को चुनौती दे रही थीं। इसलिए, TMC ने कांग्रेस के साथ मिलकर साजिश रची और महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाले कानून को पारित होने से रोक दिया।’ महिलाएं विपक्ष के इस पाप को कभी माफ नहीं करेंगी।










