पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर पीएम मोदी का राज्यसभा में बयान, कहा- दुनिया भर में गंभीर ऊर्जा संकट, भारत के लिए भी हालात चिंताजनक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी ने आज राज्यसभा में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इस मामले पर अपनी नीति को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध से दुनिया भर में ऊर्जा संकट पैदा हो गया है और इसका प्रभाव भारत पर भी पड़ रहा है।

युद्ध के कारण देश पर मंडरा रहे तेल और एलपीजी संकट को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार गैस और कच्चा तेल खरीदने के वैकल्पिक प्रयास कर रही है।

पीएम ने कहा कि होर्मुज में जहाजों को रोकना अस्वीकार्य कदम है हम संवाद का रास्ता अपना रहे हैं। साथ ही मोदी ने कहा कि खाड़ी के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन एवं आजीविका भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सदन को बताया कि इस संकट की घड़ी में भारत ने संवाद का रास्ता अपनाया है और इसी के जरिए भारत ने अपने जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकालने में सफलता पाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने पश्चिम एशिया में सभी पक्षों से बातचीत की है। पीएम ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिम एशिया के करीब सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ दो बार बातचीत कर चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि पश्चिम एशिया का संकट भारत के लिए चिंता का कारण है। उन्होंने कहा कि अगर यह जंग जारी रही, तो इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे। उन्होंने कहा, “भारत हर सेक्टर में यह प्रयास कर रहा है कि किसी भी सेक्टर में दूसरे देशों पर बहुत अधिक निर्भरता न हो।” पीएम ने शिप बिल्डिंग से लेकर रेयर अर्थ मिनरल्स तक, आत्मनिर्भरता के प्रयास गिनाए और कहा इस संकट ने दुनिया को हिला दिया है। इससे रिकवर करने में भी दुनिया को काफी समय लगेगा। पीएम ने कहा कि भारत सरकार पल-पल बदलते हालात पर नजर रखे हुए है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और इसके कारण भारत के सामने आई चुनौतियों पर राज्यसभा में वक्तव्य देते हुए कहा कि तीन सप्ताह से अधिक समय हो चुका है तथा इस युद्ध ने विश्व में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक है। ”इस युद्ध से हमारे व्यापार के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। इससे पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक जैसे जरूरी सामान की नियमित आपूर्ति प्रभावित हो रही है।” पीएम ने कहा कि हम सभी संभव स्रोतों से गैस, कच्चा तेल खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, आने वाले दिनों में प्रयास जारी रहेंगे।

साथ ही पीएम मोदी ने आज किसानों को संसद से आश्वास्त किया। किसानों को संसद से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए पीएम ने कहा, बुवाई में उर्वरक-खाद की कमी नहीं होगी। सरकार हर परिस्थिति में साथ खड़ी है। मैं किसानों को आश्वस्त करता हूं कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। बुवाई के मौसम में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिल सकें, सरकार ये सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।’

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial