लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 2017 में कोई भी निवेशक जब उत्तर प्रदेश आता था तो यूपी में निवेश के नाम पर वह चुप हो जाता था। हमने संकल्प लिया और आज उत्तर प्रदेश भारत में निवेश का हब बन गया है। अब ये निवेश का केंद्र है और हम लगातार तरक्की कर रहे हैं।
मंगलवार को लोक भवन सभागार में निवेश मित्र 3.0 का शुभारंभ किया गया। यह उन्नत एआई-आधारित सिंगल विंडो पोर्टल निवेशकों को 40 से अधिक विभागों की 200 से ज्यादा सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध कराएगा, जिससे उद्योग स्थापना की प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी तथा तेज हो जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सब्सिडी राशि का हस्तांतरण किया। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश को देश के अंदर निवेश का बेहतरीन डेस्टिनेशन बनाने का सपना हमने 9 वर्ष पहले देखा था। आप सबकी उपस्थिति उस सपने को जमीनी हकीकत में बदल रही है।
सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार पर जनता का विश्वास है और हमारी टीम यूपी ने उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर परिश्रम किया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश वासियों और युवाओं के सपनों को तोड़ा था, लेकिन अब प्रदेश पूरे देश में उद्यमियों के लिए सबसे पसंदीदा निवेश स्थल बन चुका है।
यह विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि डबल इंजन सरकार पर हुआ विश्वास हमारी टीम ने परिश्रम से सार्थक किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को भारत का फूड बास्केट बताते हुए कहा, बीच के कालखंड में किसान पलायन करने और आत्महत्या करने को मजबूर थे। स्थितियां बहुत खराब थीं, लेकिन पिछले 9 वर्षों में हमने कृषि क्षेत्र को मजबूत किया।
भारत की कुल कृषि योग्य भूमि का 11 प्रतिशत उत्तर प्रदेश के पास है, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन में हम 21 प्रतिशत का योगदान कर रहे हैं। 11 प्रतिशत भूमि पर 21 प्रतिशत उत्पादन करके प्रदेश ने खुद को फूड बास्केट के रूप में पुनर्स्थापित कर लिया है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव एसपी गोयल, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार सहित कई मंत्री, अधिकारी और निवेशक मौजूद रहे। निवेश मित्र 3.0 उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पोर्टल निवेश परियोजनाओं को नई रफ्तार देगा और प्रदेश को औद्योगिक हब के रूप में और मजबूत बनाएगा।










