उत्तराखंड: देहरादून जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. एचआरटीसी (हिमाचल पथ परिवहन निगम) की एक बस खाई में गिर गई. इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई यात्री घायल हैं. हिमाचल प्रदेश से पांवटा जा रही एचआरटीसी की ये बस हरिपुर क्वानू मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई.
इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है. कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस और एसडीआरएफ रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुके हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. ये हादसा आज मंगलवार सुबह हुआ है. बताया जा रहा है कि बस में कुल 30 लोग सवार थे.
HRTC की जो बस खाई में गिरी है उसका नंबर एचपी66 ए 2588 है. बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी बस के परिचालक ने पुलिस को फोन करके दी. हादसे का कारण किसी दूसरे वाहन को पास देते समय होना बताया जा रहा है. पास देते समय ड्राइवर ने बस को सड़क से ज्यादा बाहर काट दिया और बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई.
इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताते हुए कहा कि हमें कालसी इलाके में हिमाचल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की बेहद दुखद खबर मिली है। मैंने फोन पर जिला मजिस्ट्रेट से बात की और ज़रूरी निर्देश दिए। जिला प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। सभी आस-पास के मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अगर ज़रूरत पड़ी, तो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करके उन्नत मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया जाएगा। मैं सभी यात्रियों की सुरक्षित सेहत के लिए भगवान से प्रार्थना करता हूं।










