सीएम धामी टनकपुर में एकता पदयात्रा में हुए शामिल, चंपावत जिले को दी करोड़ों की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीएम धामी ने टनकपुर डिग्री कॉलेज से गांधी मैदान तक आयोजित एकता पदयात्रा में प्रतिभाग किया. यह पदयात्रा लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित की गई. पदयात्रा में शामिल होने के बाद सीएम धामी ने टनकपुर के गांधी मैदान में पहुंच कर सहकारिता मेला 2025 का शुभारंभ किया. वहीं, सीएम धामी ने चंपावत जिले की ₹88.11 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जिले को विकास की सौगात दी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को टनकपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे. जहां उन्होंने ‘अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025’ के उपलक्ष्य में सहकारिता विभाग उत्तराखंड की ओर से आयोजित ‘सहकारिता मेला’ का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान सीएम धामी ने सहकारिता मेलों के माध्यम से प्रदेश भर में काश्तकारों, स्वयं सहायता समूहों, मातृ शक्ति को समृद्ध करने की बात कही.

वहीं, सीएम पुष्कर धामी ने सहकारिता विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के कृषकों को प्रोत्साहन स्वरूप चार काश्तकारों को 1-1 लाख रुपए के चेक वितरित किए. दुधारू पशु पालन के लिए यह प्रोत्साहन राशि पान सिंह, किशन सिंह, संदीप सिंह समेत चार लाभार्थियों को दी गई. कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने चंपावत को लगभग ₹88.11 करोड़ की कुल 8 विकास योजनाओं की सौगात दी.

इनमें 24 करोड़ 79 लाख की 3 योजनाओं का लोकार्पण और 63 करोड़ 33 लाख की 5 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया. टनकपुर सहकारिता मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश के अंदर सहकारिता की समृद्धि को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है.

सभी 13 जिलों में सहकारिता मेलों का आयोजन हो रहा है, जिसमें सारे उत्पादकों, स्वयं सहायता समूहों, किसानों, फल उत्पादकों, स्थानीय उत्पादों, मातृ शक्ति को सहकारिता के माध्यम से आगे आने का माध्यम मिल रहा है. मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जिसमें विभाग अपने-अपने स्टॉल्स के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial