पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद बयानबाजी का दौर तेज हो गया है. पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार कांग्रेस के साथ आएंगे और उनका भव्य स्वागत-सम्मान होगा. पप्पू यादव ने एनडीए गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह गठबंधन टिकाऊ नहीं है.
नीतीश कुमार एनडीए के साथ नहीं: नीतीश को केवल कांग्रेस ही देगी सम्मान पप्पू यादव ने जोर देकर कहा कि सही अर्थों में नीतीश कुमार एनडीए के साथ हैं ही नहीं. भाजपा और चिराग पासवान के बीच जुगलबंदी चल रही है, जबकि नीतीश को पूरी तरह अलग-थलग कर दिया गया है.
नीतीश कुमार चुनाव के बाद कांग्रेस के साथ आएंगे तो उनका सम्मान और स्वागत दोनों होगा. कांग्रेस हमेशा नीतीश कुमार का सम्मान करती रही है और स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है.”- पप्पू यादव, सांसद, पूर्णिया
एनडीए गठबंधन नहीं चलेगा, नीतीश अलग होंगे: सांसद ने एनडीए की एकता पर कटाक्ष करते हुए दावा किया उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं चलने वाला. नीतीश कुमार चुनाव के बाद इस गठबंधन से बाहर हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर फंसे पेंच पर सत्ता पक्ष सवाल उठा रहा है, लेकिन जनता महागठबंधन के साथ खड़ी है. पप्पू यादव ने कहा, बिहार की जनता हमें अपने घर के बेटे की तरह मानती है. इस बार जनादेश एकतरफा होगा.










