बिहार विधानसभा चुनाव- महागठबंधन को बड़ा झटका, VIP कैंडिडेट शशि भूषण सिंह का नामांकन रद्द

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एक तरफ जहां महागठबंधन में सीटों की दावेदारी पर तनातनी अबतक जारी है, वहीं दूसरी ओर मतदान से पहले ही एक विकेट गिर चुका है. पूर्वी चंपारण जिले की सुगौली सीट पर विपक्षी गठबंधन को तगड़ा झटका लगा है. गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो गया है.

महागठबंधन का एक विकेट गिरा: महागठबंधन में सीट शेयरिंग के तहत सुगौली विधानसभा सीट विकासशील इंसान पार्टी के कोटे में आई थी. जहां से मुकेश सहनी ने शशि भूषण सिंह को कैंडिडेट बनाया था लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनके पर्चे में त्रुटि पाई गई. जिस वजह से नोमिनेशन को रद्द कर दिया गया है. इस तरह बिना लड़े ही महागठबंधन ने सुगौली सीट गंवा दी है.

क्यों रद्द हुआ नामांकन?: शशि भूषण सिंह आरजेडी के मौजूदा विधायक हैं लेकिन इस बार तेजस्वी यादव की सहमति के बाद वीआईपी ने उनको कैंडिडेट बनाया है. चूकि विकासशील इंसान पार्टी फिलहाल रजिस्टर्ड पार्टी नहीं है, लिहाजा उनको अपने साथ 10 प्रस्तावक को ले जाना था लेकिन उन्होंने 2020 की तरह खुद को आरजेडी उम्मीदवार समझकर सिर्फ एक प्रस्तावक के साथ चले गए थे. ऐसे में जांच के बाद प्रस्तावकों की कम संख्या को देखते हुए नामांकन को खारिज कर दिया गया है.

5 उम्मीदवारों का नामांकन खारिज: शशि भूषण सिंह समेत कुल 5 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज हुआ है. इनमें आम आदमी पार्टी के गयासुद्दीन सामानी, अपनी जनता पार्टी के सदरे आलम और दो निर्दलीय कृष्ण मोहन झा और ओमप्रकाश चौधरी शामिल हैं. इन चारों के शपथ पत्र अपूर्ण पाए गए, जबकि शशि भूषण सिंह ने 10 प्रस्तावकों के स्थान पर सिर्फ एक प्रस्तावक लेकर गए थे.

सुगौली में एनडीए की जीत तय: शशि भूषण सिंह का नामांकन रद्द होने के बाद अब एनडीए की जीत मानी जा रही है. इस सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है. वहीं जन सुराज पार्टी से अजय कुमार झा मैदान में हैं. इसके अलावे ज्यादातर उम्मीदवार निर्दलीय या छोटे दलों के हैं. ऐसे में अब मुकाबला एनडीए और जन सुराज में होगा.

मढ़ौरा का हिसाब बराबर: इससे पहले पहले चरण में सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट पर एनडीए उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो चुका है. एलजेपीआर की सीमा सिंह का नोमिनेशन रद्द होने के कारण आरजेडी के जितेंद्र राय के लिए मुकाबला आसान हो गया है. इस तरह 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए एनडीए और महागठबंधन मतदान से पहले ही एक-एक सीट गंवा चुके हैं.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial