भारत और चीन के बीच पांच साल बाद सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू होगी. इसकी डेट भी कंफर्म हो गई है. चीनी विमानन कंपनी चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने 9 नवंबर से शंघाई-दिल्ली के बीच उड़ान सेवा फिर से शुरू करने की घोषणा की है. एयरलाइन के ऑनलाइन टिकट बिक्री प्लेटफॉर्म के अनुसार, ये उड़ानें सप्ताह में तीन बार बुधवार, शनिवार और रविवार को संचालित होंगी.
इससे पहले, भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी घोषणा की थी कि वह 10 नवंबर, 2025 से कोलकाता और चीन के ग्वांगझू (Guangzhou) के बीच और दिल्ली और ग्वांगझू के बीच डेली नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू करेगी.
2020 से भारत और चीन के बीच सीधी उड़ान का संचालन बंद है. इसी साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की क्षेत्रीय सुरक्षा बैठक में भाग लेने के लिए चीन का दौरा किया था. इस दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार संबंधों को बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की थी. प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस बात पर सहमत हुए कि भारत और चीन प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि विकास भागीदार हैं.
दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें 2020 में कोविड महामारी के दौरान निलंबित कर दी गई थीं. उसी साल बाद में पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर हिंसक झड़पों के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य गतिरोध शुरू हो गया था. इसके कारण फिर से उड़ानें शुरू नहीं हुईं. मई-जून 2020 में दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई भीषण झड़प में भारत के करीब 20 सैनिक मारे गए थे, जबकि चीन के भी कई सैनिक हताहत हुए थे. हालांकि, चीनी अधिकारियों ने मौतें के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए थे.










