वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष समाप्त कराने के लिए हमास को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि हमास ने गाजा पर से नियंत्रण नहीं छोड़ा तो उसे पूर्ण विनाश का सामना करना पड़ेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमास गाजा नियंत्रण पर अड़ा रहा और उनके प्रस्तावित युद्धविराम समझौते की प्रगति को अवरुद्ध करता है, तो उसे पूर्ण रूप से नष्ट कर दिया जाएगा.
सीएनएन के अनुसार ट्रंप अपनी 20-सूत्रीय युद्धविराम योजना पर पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे. जब उनसे सीधे टेक्स्ट मैसेज पर पूछा गया कि अगर हमास सत्ता में बने रहने पर अड़ा रहा तो क्या होगा, तो ट्रंप ने कहा, पूरी तरह से विनाश!
यह ऐसे समय में हो रहा है जब मिस्र में इजराइल और हमास के बीच महत्वपूर्ण वार्ता होने वाली है. ट्रंप ने अपने दामाद जेरेड कुशनर और पश्चिम एशिया के शीर्ष वार्ताकार स्टीव विटकॉफ को अमेरिकी प्रयासों का नेतृत्व करने के लिए काहिरा भेजा है. वहीं, इजराइल का एक प्रतिनिधिमंडल भी वार्ता पूरी करने के लिए मिस्र में है.










