नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में रविवार, 28 सितंबर 2025 को उस समय हड़कंप मच गया जब तावडू और पुन्हाना सीआईए स्टाफ की संयुक्त टीम पर इंदाना गांव में जानलेवा हमला हो गया. पुलिस पंजाब से जुड़े एक चोरी के मामले में वांछित आरोपी आज़ाद को पकड़ने बिछौर थाना क्षेत्र के इस गांव में रेड करने पहुंची थी. दबिश के दौरान आज़ाद ने पिस्टल निकालकर सीधे पुलिसकर्मियों पर फायर किया. गोली सिपाही समीर के हाथ को छूते हुए निकल गई. गनीमत रही कि सिपाही समीर की जान बच गई.
ग्रामीणों का पुलिस की टीम पर हमला: पुलिस पर फायरिंग के बाद आरोपी आज़ाद मौके से फरार हो गया, लेकिन उसकी पिस्टल वहीं गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. इसके तुरंत बाद आज़ाद ने शोर मचाकर गांव वालों को उकसाया. देखते ही देखते दर्जनों महिलाएं और पुरुष इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया. गांव के एक व्यक्ति अरशद ने जेसीबी मशीन से रास्ता रोक दिया, जिससे पुलिस की गाड़ियों की आवाजाही बंद हो गई. हमला अचानक हुआ और इतनी तेजी से फैला कि पुलिस टीम को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा.
पांच पुलिसकर्मी घायल, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त: इस हमले में पुलिस टीम के पांच जवान घायल हो गए. हमलावरों ने ना केवल पत्थरबाजी की बल्कि हवाई फायरिंग भी की, जिससे पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल को बुलाया और दोबारा रेड की. इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया. इसके अलावा पुन्हाना थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
खालिद और वसीम ने की ताबड़तोड़ फायरिंग: पुन्हाना डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि “फायरिंग में आज़ाद के अलावा खालिद और वसीम अकरम भी शामिल था. खालिद ने राइफल से फायर किया, जबकि वसीम ने देसी कट्टे से गोली चलाई. हालात बेकाबू होते देख पुलिस को भी आत्मरक्षा में 7 से 8 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इस घटना में पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें सीएचसी पुन्हाना में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पुलिस ने गांव में दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं.”









