रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग के सोनप्रयाग शटल पार्किंग में सोन नदी के कटाव से भारी भूस्खलन हो गया, जिससे पार्किंग में खड़े वाहनों के पहिए खड़े हो गए. यह दृश्य देख लोग सन्न हो गए. घटना के बाद किसी तरह से मशीनों के जरिए वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया. वहीं दूसरी ओर बदरीनाथ हाईवे के सिरोबगड़ से खांकरा के बीच लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिस कारण हर दिन यहां बड़ी घटना होते-होते टल रही है. मंगलवार दोपहर के समय पहाड़ी से आए मलबे में एक कार फंस गई, जिससे वाहन में सवार लोगों की सांसे अटक गई. किसी तरह जेसीबी मशीन की सहायता से कार को निकाला गया.
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश कारण जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है. जहां पहाड़ियां दरकने से राजमार्ग और लिंक मार्गों पर हजारों टन मलबा आ रहा है. वहीं नदियों का जल स्तर बढ़ने सेभू धंसाव की घटनाएं भी बढ़ती जा रही है. मंगलवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग के सोनप्रयाग शटल पार्किंग में सोन गंगा से हो रहे कटाव से पार्किंग का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिस कारण पार्किंग में खड़े वाहन भी पलट गए और वाहनों के पहिए हवा में खड़े हो गए. घटना का यह दृश्य देख आस-पास खड़े लोग सन्न रह गए. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को इस स्थान से हटवा दिया और यहां जाने पर रोक लगा दी है. वहीं देर शाम तक वाहनों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया.











