चंडीगढ़: पंजाब के आप विधायक का पुलिस हिरासत से भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि पुलिस पर फायरिंग कर वह फरार हो गया. पंजाब पुलिस ने उसे रेप के एक मामले में गिरफ्तार किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस के बड़े अफसर इसकी पड़ताल में जुट गए हैं.
बता दें कि पंजाब के सनौर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा को अपनी पार्टी के खिलाफ बगावत करना भारी पड़ गया. पंजाब पुलिस ने उन्हें आज एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया. हालांकि बाद में उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर फरार हो गए.
दुष्कर्म मामले में हुई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक पठानमाजरा की गिरफ्तारी धारा 376 आईपीसी यानी दुष्कर्म के एक पुराने मामले में की गई थी। विधायक की सुरक्षा भी सरकार की ओर से वापस ली जा चुकी है। क्योंकि पठानमाजरा लगातार अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे।
बाढ़ के लिए अपनी ही सरकार को ठहराया था जिम्मेदार
उन्होंने सिंचाई विभाग के मुख्य अधिकारी कृष्ण कुमार को पंजाब में बाढ़ के लिए जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने बाढ़ प्रभावित अपने सन्नौर हलके की समस्याओं को उठाया और नदी के सफाई के मुद्दे पर अधिकारियों व अपनी सरकार की आलोचना की थी।
करनाल के डबरी से गिरफ्तार हुआ था विधायक
मंगलवार सुबह करनाल के डबरी से पंजाब पुलिस ने विधायक पठानमाजरा को हिरासत में लिया था, यहां से पुलिस उन्हें पटियाला ले जा रही थी। बताया जा रहा है कि पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हुआ बताया जा रहा है। करनाल पुलिस के प्रवक्ता का कहना है कि पंजाब पुलिस उन्हें यहां से लेकर गई थी, फायरिंग की घटना करनाल जिले में नहीं हुई है।










