कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवास पर हुए हमले और कोलकाता के कालीघाट में काली पूजा के आयोजन में डाली गई बाधा को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। भतीजे अभिषेक से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए ममता ने कहा, “आपके पास कितने बुलडोजर हैं? आइए, मैं आपके ठीक सामने खड़ी हूं। मेरे शरीर पर, मेरी छाती पर बुलडोजर चला दीजिए। मैं देखना चाहती हूं कि आप कितने बहादुर हैं।”
ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में पारंपरिक काली पूजा के आयोजन में बाधा डाली जा रही है। लंबे समय से चली आ रही कुछ पूजाओं की अनुमति रद्द कर दी गई है, जबकि मुख्य सड़क पर एक नई शुरू की गई पूजा को आयोजित करने की अनुमति दे दी गई है। इस पर सवाल उठाहुए उन्होंने कहा कि यह इलाका काली पूजा के जुलूसों का पारंपरिक रास्ता है। उन्होंने पूछा कि काली पूजा और दिवाली से ठीक पहले इन आयोजनों में बाधा क्यों डाली जा रही है?
दरअसल शुक्रवार की रात करीब 2:00 से 3:00 बजे के बीच कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक टकराव हुआ। टीएमसी का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों से हमला किया और कार्यालय में तोड़फोड़ की, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया (X) पर सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए आरोप लगाया कि दो दिनों तक रेकी करने के बाद भाजपा के गुंडों ने उनके घर पर हमला किया। उन्होंने इसे पिछले छह महीनों में खुद पर सातवीं बार जानलेवा हमले की कोशिश बताया।









