लखनऊ में गुरुवार को खेल कोटा पुलिस नियुक्ति पत्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस में चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति-पत्र वितरण हेतु लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन दिया। उन्होंने इस दौरान युवाओं की रील की आदत पर दुख जताया और उनसे खेल के मैदान की ओर जाने की अपील की।
सीएम योगी ने कहा- “मैं कहना चाहूंगा, मुझे दुख होता है कि हमारे आज के युवा घण्टों रील में बर्बाद करते हैं। याद रखना, रील में लाइक्स मिलते हैं, लेकिन खेल के मैदान में आपको लाइफ मिलती है। एक नई लाइफ, वही जो आपको यहां इस नियुक्ति पत्र के माध्यम से प्राप्त हो रही है। आपको तय करना है कि आपको लाइक्स चाहिए, या जीवन की वास्तविक लाइफ चाहिए।”
सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे अपना ध्यान सोशल मीडिया के बजाय रचनात्मक कार्यों और खेलकूद जैसी गतिविधियों में लगाएं ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल रचनात्मक और सकारात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों का सही मार्गदर्शन करने की सलाह दी।









