नई दिल्ली:कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने UPI पेमेंट पर शुल्क लगाने के फैसले को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने पीएम मोदी से इस फैसले को वापस लेने की मांग की है।
उन्होंने बुधवार को आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने “झुकने” और अमेरिका को बहुत सारा पैसा देने का फैसला किया है।
एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से “US के सामने झुकना बंद करें, हिम्मत रखें, खड़े हों” और “UPI टैक्स” को वापस लेने की अपील की है।
राहुल गांधी ने कहा, “(पूर्व प्रधानमंत्री) इंदिरा (गांधी) जी से एक बार पूछा गया था कि वह लेफ्ट झुकती हैं या राइट, तो उनका जवाब था ‘न मैं लेफ्ट झुकती, न राइट, मैं सीधी खड़ी रहती हूं’। मोदी जी का विचार बिल्कुल अलग है, वह न लेफ्ट हैं और न राइट, उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने सीधे लेटने और दंडवत करने का फैसला किया है।”
राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, “उन्होंने UPI पर टैक्स लगाकर और अमेरिका को बहुत सारा पैसा देकर हर भारतीय पर टैक्स लगा दिया है।
उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, “मोदी जी, UPI टैक्स वापस लीजिए। अभी।”









