भारतीय जनता पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। बीजेपी ने राज्य की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने अपने पंजाब दौरे के दौरान पटियाला में कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ हुई जोनल बैठक में यह आधिकारिक घोषणा की।
गठबंधन की अटकलों पर लगा विराम: पिछले काफी समय से पंजाब की सियासत में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन होने के कयास लगाए जा रहे थे। इस घोषणा ने उन सभी संभावनाओं को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। बीजेपी ने अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दावा किया कि भाजपा सभी सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़कर राज्य में अपनी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। पार्टी का मुख्य उद्देश्य अब बैसाखी का सहारा लिए बिना राज्य में अपना स्वतंत्र और मजबूत राजनीतिक आधार तैयार करना है।
पंजाब में विधानसभा चुनाव का समय पास आ रहा है। ऐसे में चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल मैदान में उतर चुके हैं और अपनी-अपनी तैयारियों को तेज कर रहे हैं।









