रामपुरः समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान के जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलेगा। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA)ने ध्वस्तीकरण का आदेश दिया है। रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय में चालीस भवन बने हैं जिनमें सिर्फ़ दो का नक्शा पास है। 38 भवन अवैध तरीके से बनाये गए हैं जिन्हें गिराने का आदेश जारी हुआ है।
जिला मजिस्ट्रेट और आरडीए उपाध्यक्ष अजय कुमार द्विवेदी ने सुनवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन के तर्कों को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया। रामपुर विकास प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को इन अवैध भवनों को खुद हटाने के लिए 15 से 20 दिन का समय दिया है।
परिसर में मात्र मेडिकल कॉलेज और एकेडमिक ब्लॉक ही ऐसे दो भवन हैं जिनका नक्शा स्वीकृत है। शेष 38 भवनों का निर्माण बिना किसी वैध अनुमति के किया गया है।विश्वविद्यालय परिसर में कुल 40 भवन बने हैं।
सुनवाई के दौरान विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने तर्क दिया कि विश्वविद्यालय सिंगनखेड़ा गांव में स्थित है, जो 27 सितंबर 2024 से पहले रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता था। इसलिए आरडीए से भवन निर्माण योजना की स्वीकृति लेने की आवश्यकता नहीं थी। इसलिए मौजूदा नियमों के आधार पर उन्हें अवैध नहीं ठहराया जा सकता।
आरडीए ने इन दलीलों को खारिज करते हुए 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश दिया है।आदेश में कहा गया कि भले ही ग्राम सिंगनखेड़ा बाद में विकास क्षेत्र में शामिल हुआ हो, लेकिन निर्माण के समय संबंधित सक्षम निकाय से नक्शे की स्वीकृति लेना अनिवार्य था।









