कॉकरोच जनता पार्टी ( CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को कहा कि वह 6 जून को भारत लौटेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के बारे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे।
अमेरिका में रह रहे दीपके ने ‘इंस्टाग्राम’ और एक्स पर जारी एक वीडियो में अपने समर्थकों और स्टूडेंट से दिल्ली में उनके विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही। दीपके ने कहा,‘‘अब समय आ गया है कि हम सभी भारत के संविधान के मार्ग पर चलते हुए एकजुट हों और शांतिपूर्वक ढंग से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें। अगर हम सब मिलकर आवाज उठाएंगे तो उन्हें हमारी बात जरूर सुननी पड़ेगी।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक ने कहा, ‘‘मैंने निर्णय किया है कि मैं शनिवार, छह जून की सुबह दिल्ली पहुंचूंगा। कृपया एयरपोर्ट पर मुझसे मिलें और हम सब मिलकर संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे।
अपने वीडियो में दीपके ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी विवादों और परेशानियों ने स्टूडेंट को चिंता में डाल दिया है। उन्होंने सरकार से इसके लिए जवाबदेही की मांग भी की।
बता दें कि दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से एक युवा केंद्रित सोशल मीडिया आंदोलन की शुरुआत की है। इसने अपने अस्तित्व में आने के साथ ही लोकप्रियता हासिल की है।









