नई दिल्ली: कांग्रेस ने आज देश में लगातार हो रहे पेपर लीक मामले पर जमकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस का आरोप है कि परीक्षा घोटालों के कारण युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। हाल ही में NEET और CBSE जैसी प्रमुख परीक्षाओं में हुई कथित धांधलियों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मोदी ने एक नारा दिया गया था- ‘ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा’ लेकिन मुझे लगता है असली नारा था- ‘न पढूंगा, न पढ़ने दूंगा’।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में मंत्रियों के पोस्ट या ट्वीट उठाकर देखिए- किसी ने भी शिक्षा व्यवस्था या CBSE की निंदा में एक शब्द नहीं कहा है।
वहीं, जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से पेपर लीक पर सवाल पूछा गया, तो वो कहते हैं- राहुल गांधी Frustrated हैं।
देश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं और प्रधानमंत्री देश को आम पना बनाने की रेसिपी बता रहे हैं।
जो CBSE के बड़े-बड़े इन्वेस्टिगेटर नहीं कर पाए- वो एक 19 साल के एथिकल हैकर ने कर दिखाया और सरकार का पूरा सिस्टम देश के सामने खोलकर रख दिया।
पवन खेड़ा ने कहा कि एक्सपर्ट और शिक्षकों ने 36 बिंदुओं में OSM सिस्टम की खामियां बताई थी, मोदी सरकार ने उसे क्यों नजरअंदाज किया?
साथ हो उन्होंने मोदी सरकार से सवाल पूछे कि , सरकार ने टेंडर की शर्तें किसके आदेश पर हल्की कर दीं? एक कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए आपने नियम क्यों बदले? COEMPT कंपनी और BJP के बीच क्या रिश्ता है?









