नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बीजेपी के सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 22 सालों में राहुल गांधी 54 बार विदेश गए हैं और इन व्यक्तिगत यात्राओं पर करीब ₹60 करोड़ का खर्च आया।
संबित ने दावा किया कि उन्होंने बीते 22 साल में 54 बार विदेश यात्रा की, जिसमें 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। इन यात्राओं में सरकारी यात्राएं शामिल नहीं हैं।
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि एक तरफ राहुल गांधी की पिछले 10 सालों की कमाई ₹11 करोड़ के करीब बताई गई है, वहीं इन विदेशी दौरों पर ₹60 करोड़ कैसे खर्च हुए। उन्होंने सवाल पूछा है कि आखिर इन यात्राओं की फंडिंग कौन कर रहा है?
संबित पात्रा ने यह भी कहा कि राहुल गांधी कई बार ‘सीक्रेट ट्रिप्स’ (गुप्त दौरों) पर गए हैं और सुरक्षा एजेंसियों को भी इसकी जानकारी नहीं होती।
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, “यह दौरे तो सार्वजनिक हैं पर इनकी फंडिंग कहां से हुई यह सार्वजनिक नहीं है। यह भी सार्वजनिक होना चाहिए। इन दौरों में अनुमानित 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इन में से एक भी दौरा सरकारी नहीं है। चुनाव अयोग को घोषित किए गए आय में आपने बताया है कि आपकी आमदनी वित्तिय वर्ष 2013-14 से 2022-23 तक केवल 11 करोड़ रुपये हैं, तो फिर विदेश दौरों का खर्च कहां से आया। इसकी फंडिंग किसने की?”
भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के खर्च को लेकर एक ऐसा हमला बोला है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।अब देखना है कि कांग्रेस इस पर क्या जवाब देती है।







