असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शांति पूर्वक संपन्न हो गई है। राज्य के लोगों ने चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान किया है। चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि असम में 85 परसेंट से ज्यादा लोगों ने वोट डाला। हालांकि ये शुरूआती आंकड़े हैं,इसलिए जब फाइनल डेटा आएगा, तब ये आंकड़ा थोड़ा बढ़ सकता है।
असम में वोटिंग खत्म होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन असम में ट्रिपल डिजिट यानी 100 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर सकता है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “बांग्लादेशी मूल के मुस्लिम समुदाय में मतदान प्रतिशत 95 से 96 प्रतिशत रहता था, जबकि असम के बाकी समाज में यह लगभग 75-76 प्रतिशत होता था। इस बार दोनों समुदायों के बीच कड़ी टक्कर थी, और मुझे लगता है कि कुल मतदान प्रतिशत 86-87 प्रतिशत के आसपास रहेगा। पारंपरिक रूप से मतदान में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले समाजों ने निश्चित रूप से अधिक संख्या में मतदान किया है, लेकिन जिन समाजों में पारंपरिक रूप से कम मतदान होता है, उन्होंने भी इस बार उत्साहपूर्वक भाग लिया है। चुनाव परिणामों के बारे में अभी से बात करना उचित नहीं है, लेकिन अगर भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन एनडीए तिहरे अंक तक पहुंच जाए तो आश्चर्य की बात नहीं होगी।”
कुल मिलाकर, महिलाओं और युवाओं ने असम की पहचान के लिए मतदान किया है, घुसपैठियों के खिलाफ मतदान किया है, और इस बार जनता ने असम की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए अपना वोट डाला है।”










