महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी, जिसमें 6 छात्रों समेत 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे।
यह हादसा दिंडोरी कस्बे के पास हुआ, जहां एक ही परिवार क 9 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। मृतक सभी इंदोरे गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक साथ इतने लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर घर में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दरगुडे परिवार एक निजी कोचिंग क्लास के कार्यक्रम से वापस लौट रहा था। देर रात होने के कारण सड़क पर रोशनी बेहद कम थी। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। कुएं में पानी भरा होने के कारण किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस दर्दनहादसे ने पूरे परिवार को एक ही पल में खत्म कर दिया।
हादसे में सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की भी मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह है कि मृतकों में 6 छोटे बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक 7 साल की मासूम बच्ची भी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कुएं की गहराई और पानी के कारण राहत कार्य काफी मुश्किल हो गया था। बाद में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया और काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया।
फिलहाल दिंडोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
हादसे के बाद पूरे इंदौरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार के इतने लोगों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।