केरल: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज यानि सोमवार को अडूर में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में भाजपा एलडीएफ को फायदा पहुंचाने के लिए “गुपचुप तरीके से काम कर रही है।’’
राहुल ने कहा, “भाजपा यहां यूडीएफ को नहीं चाहती, क्योंकि वह जानती है कि राष्ट्रीय स्तर पर उसे चुनौती देने वाली एकमात्र ताकत कांग्रेस है। भाजपा और आरएसएस के साथ हमारी वैचारिक लड़ाई है।”
उन्होंने दावा किया कि जहां विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं, वहीं केरल में एलडीएफ नेतृत्व पर ऐसा कोई दबाव नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया, “मेरे खिलाफ 36 मामले दर्ज किए गए हैं और मुझसे लगातार 55 घंटे तक पूछताछ की गई है। लेकिन केरल के मुख्यमंत्री या एलडीएफ नेताओं के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”
रविवार को पलक्कड़ में मोदी द्वारा दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर मंदिरों और धर्म की बात करते हैं, लेकिन सबरीमाला मामले पर चुप रहे।
उन्होंने कहा, “वह सबरीमाला के बारे में बोलना भूल गए। उन्होंने भगवान अयप्पा मंदिर से जुड़े मुद्दों का जिक्र नहीं किया। इससे साफ है कि भाजपा और एलडीएफ साथ काम कर रहे हैं।”
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री धार्मिक मुद्दों को तभी उठाते हैं, जब यह चुनावी रूप से उनके लिए फायदा पहुंचाने वाला होता है।
उन्होंने कहा, “उनके लिए अगर इससे वोट मिलते हैं, तो वह मंदिरों की बात करेंगे, अन्यथा चुप रहेंगे।”
राहुल गांधी ने आश्वासन दिया कि अगर यूडीएफ सत्ता में आती है तो मंदिर से संबंधित किसी भी अनियमितता को दूर किया जाएगा।









