नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के पालम इलाके में एक चार मंजिला इमारत में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, आग लगने की इस घटना की शुरुआत सुबह हुई, जब ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कॉस्मेटिक की दुकान में आग लगी। आग तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। दमकल विभाग के अनुसार, मौके पर आग बुझाने के लिए 30 गाड़ियों को लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
राहत टीमों ने समय रहते लोगों को बिल्डिंग से बाहर निकाला हालांकि, धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत होने पर चार लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।










