नई दिल्ली: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर ने संचालन के पहले ही दिन यात्रियों की संख्या का नया रिकॉर्ड बना दिया. अधिकारियों के अनुसार 23 फरवरी 2026 को रात 10 बजे आखिरी ट्रेन रवाना होने तक इस रूट पर कुल यात्रियों की संख्या 1 लाख का आंकड़ा पार कर गई. ये किसी एक दिन में अब तक की सबसे अधिक दर्ज संख्या है. एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया था.
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) के मुताबिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर के स्टेशनों पर 8,000 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. गाजियाबाद स्टेशन पर सबसे बड़ी चारपहिया पार्किंग बनाई गई है, जहां 370 कारें और 632 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं. साहिबाबाद स्टेशन पर 76 कार और 223 दुपहिया, जबकि गुलधर स्टेशन पर 191 कार व 848 दुपहिया वाहनों की पार्किंग उपलब्ध है.
दिल्ली के सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर 266 कारों व 837 दुपहिया वाहनों के लिए जगह है. ये स्टेशन बस अड्डा, रेलवे स्टेशन व मेट्रो से जुड़ाव के कारण मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है. आनंद विहार स्टेशन पर भी पार्किंग की सुविधा दी गई है.
मेरठ में भी स्टेशनों पर बड़ी पार्किंग क्षमता तैयार की गई है. मेरठ साउथ स्टेशन पर 289 कार व 854 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं. मोदीपुरम स्टेशन पर 135 से अधिक कार व 1,200 से ज्यादा दुपहिया वाहनों की पार्किंग उपलब्ध है, जबकि शताब्दी नगर स्टेशन पर भी करीब 120 कार व 350 दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं.
स्टेशनों तक पहुंच आसान बनाने के लिए ई-रिक्शा, ऑटो, फीडर बस, किराये की साइकिल व दोपहिया सेवाओं को भी जोड़ा गया है. पहले ही दिन रिकॉर्ड यात्रियों की संख्या व पार्किंग का व्यापक उपयोग इस बात का संकेत माना जा रहा है कि दिल्ली-मेरठ के बीच तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की मांग काफी अधिक है.









