नई दिल्ली: उत्तराखंड के कोटद्वार में जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुलाकात की है। हाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए दीपक को लेकर राहुल गांधी पहले भी सार्वजनिक रूप से समर्थन जता चुके थे।
आज मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने एकता और समानता का संदेश दिया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात। एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए। हर इंसान, एक समान। यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान।”
वहीं राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद दीपक ने खुशी का इज़हार किया है। इस मुलाकात के बाद दीपक ने कहा कि उन्हें पहले भी अपने कदम पर भरोसा था, लेकिन अब उनका मनोबल और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा, “हिम्मत तो पहले भी थी, अब चार गुना और बढ़ गई है। जब राहुल गांधी ने फोन करके बुलाया, तो दिल को खुशी हुई कि कोई हमें समझ रहा है कि हमने आवाज गलत के लिए नहीं, बल्कि सही के लिए उठाई थी।”
राहुल गांधी की मुलाकात ने इस मुद्दे को फिर राष्ट्रीय चर्चा में ला दिया है। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने इसे सामाजिक एकता का उदाहरण बताया है। वहीं अन्य राजनीतिक दलों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।










