नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बेहतर और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में शनिवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल’ और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया. अब लोगों को अपनी शिकायतों के लिए अलग-अलग सरकारी दफ्तरी की खाक नहीं छाननी पड़ेगी. एमसीडी, डीडीए, दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार के सभी विभागों की शिकायतें अब एक ही प्लेटफॉर्म पर दर्ज की जा सकेंगी.
दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई पोर्टल के साथ-साथ ‘ई-डिस्ट्रिक्ट’ सेवाओं को कॉमन सर्विस सेंटर से जोड़ने और ईडब्ल्यूएस एडमिशन के लिए नए सुरक्षित पोर्टल का भी उद्घाटन किया. इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद और आईटी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन से प्रेरणा लेते हुए हम सरकार और जनता के बीच की दूरी को तकनीक के माध्यम से खत्म कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैंने महसूस किया कि शिकायतों के लिए मंच तो थे, लेकिन उनकी मॉनिटरिंग की व्यवस्था नहीं थी. अब 100 प्रतिशत फीडबैक आधारित सिस्टम लागू किया गया है. अगर समाधान से जनता संतुष्ट नहीं होगी, तो मामला खुद-ब-खुद उच्च अधिकारियों तक पहुंच जाएगा.”
75 सरकारी सेवाएं अब सिर्फ 30 रुपये में
दिल्ली के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं को 7,000 से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर्स (CSC) से जोड़ दिया है. अब आय, जाति, निवास, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी 75 महत्वपूर्ण सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी. इसके लिए मात्र 30 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जिससे निजी साइबर कैफे द्वारा किए जा रहे आर्थिक शोषण पर लगाम लगेगी.
शिक्षा के क्षेत्र में बिचौलियों के दखल को ख़त्म करने के लिए सीएम ने नया ईडब्ल्यूएस/डीजी/सीडब्ल्यूएसएन एडमिशन पोर्टल लॉन्च किया. शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि पुराने असुरक्षित सॉफ्टवेयर को हटाकर अब क्लाउड-आधारित सुरक्षित सिस्टम अपनाया गया है. इसमें आधार और जन्म प्रमाण पत्र का डिजिटल वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा, जिससे फर्जीवाड़ा और डुप्लीकेसी पूरी तरह खत्म हो जाएगी. उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा केवल सही और पात्र लाभार्थियों तक पहुँचे, यही सरकार की प्राथमिकता है.
ईडब्ल्यूएस/डीजी/सीडब्ल्यूएसएन प्रवेश के लिए विकसित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का आधिकारिक वेब लिंक https://ewsadmissions.delhi.gov.in/ है. इस पोर्टल के माध्यम से अभिभावक पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे तथा पूरी प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से ट्रैक कर पाएंगे.










