विनोद जाखड़ संभालेंगे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया की कमान, NSUI के बने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है. संगठन ने विनोद जाखड़ को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है. संगठन ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए देशभर से राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राज्य अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध सदस्यों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे. दर्जनों आवेदनों की गहन जांच-पड़ताल के बाद 15 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया. पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तत्काल प्रभाव से एनएसयूआई का अध्यक्ष नियुक्त किया है.

बता दें कि, शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों से दो चरणों में साक्षात्कार और विस्तृत चर्चा हुई. इस दौरान संगठन की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता, छात्र मुद्दों की समझ, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक अनुभव का मूल्यांकन किया गया. व्यापक विचार-विमर्श के बाद विनोद जाखड़ को सर्वसम्मति से एनएसयूआई का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया.

एनएसयूआई ने निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन ने देशभर के कैंपस में अपनी उपस्थिति और मजबूती को बढ़ाया. जनवरी 2024 में नियुक्त हुए वरुण चौधरी का कार्यकाल पूरा होने के बाद यह बदलाव किया गया है. संगठन ने उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

वरुण चौधरी का संदेश: पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “आप सभी के सपोर्ट के लिए धन्यवाद. NSUI के नए नेशनल प्रेसिडेंट विनोद जाखड़ को शुभकामनाएं, बैटन पास हो गया है. लाखों स्टूडेंट्स की उम्मीदें NSUI से जुड़ी हैं. मैं आपको उन उम्मीदों को पूरा करने, सोशल जस्टिस के लिए मजबूती से खड़े होने और आइडिया ऑफ इंडिया की रक्षा करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial