नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के जेफरी एपस्टीन के साथ कथित संबंधों को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला तेज कर दिया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि सच अजीब तरह से सामने आता है.
यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेड़ा ने कहा कि, पिछले कुछ दिनों में एपस्टीन फाइलें दुनिया भर में चर्चा का विषय रही हैं. इस मामले के संबंध में सात देशों के नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है. कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि, दुख की बात यह है कि इसमें पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम भी शामिल है.
उन्होंने कहा कि, हरदीप सिंह पुरी ने इस बारे में अपनी चुप्पी तोड़ी है. खेड़ा ने कहा, हरदीप सिंह पुरी के कुछ इंटरव्यू दिए, जिनमें उन्होंने बहुत झूठ बोला. कांग्रेस नेता ने कहा कि, यह वही हरदीप सिंह पुरी हैं, जिन्हें नरेंद्र मोदी ने बिना सांसद बने ही मंत्री बना दिया था.
पवन खेड़ा ने सवाल करते हुए कहा कि, इपस्टीन, जो एक जाना-माना सेक्स ऑफेंडर और एक ऐसा आदमी जिसने बच्चों का मर्डर किया है, हरदीप पुरी क्या बात कर रहे थे. उन्होंने आगे कहा, “2014 से 2016 के बीच हरदीप पुरी किसके अधिकार और निर्देश पर एपस्टीन से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने पूछा कि, अगर सरकार उसका इस्तेमाल नहीं कर रही थी, तो वह किसके अधिकार में जेफरी इपस्टीन के साथ बातचीत कर रहे थे.
खेड़ा ने कहा कि, वे हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें इस्तीफे की मांग करनी पड़ रही है. खेड़ा ने कहा कि, हरदीप सिंह पुरी को तुरंत खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए. अगर वह खुद इस्तीफा नहीं दे सकते, तो पीएम मोदी को उनसे इस्तीफा देने के लिए कहना चाहिए था.
कांग्रेस नेता ने कहा, “सच के सामने आने के अजीब तरीके होते हैं… ऐसा हमेशा होता है.”










