पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को SIR के खिलाफ काली शॉल ओढ़कर दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। उनके साथ SIR प्रभावित 13 परिवार और TMC के नेता भी थे।
मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात के बाद ममता ने कहा, “मैं बहुत दुखी हूं। मैं दिल्ली की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हूं। मैं चार बार केंद्रीय मंत्री और सात बार सांसद रह चुकी हूं। मैंने आज तक ऐसा अहंकारी और झूठा चुनाव आयुक्त नहीं देखा।
ममता ने कहा- जब गृहमंत्री पश्चिम बंगाल आते हैं तो हम उन्हें रेड कारपेट देते हैं, लेकिन जब हम दिल्ली आते हैं तो हमें ब्लैक कारपेट दिया जाता है।
इसके पहले ममता ने दिल्ली पहुंचते ही कहा कि वे SIR के मुद्दे पर लड़ाई जारी रखेंगी। अगर इस देश में कोई नहीं लड़ेगा, तो मैं लड़ूंगी, हमारी पार्टी लड़ेगी।
दरअसल, चुनाव आयोग ने 19 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल में हुए SIR की नई वोटर लिस्ट जारी की। ड्राफ्ट रोल के बाद कुल मतदाता 7.08 करोड़ हैं। पहले 7.66 करोड़ थे। कुल 58 लाख 20 हजार से ज्यादा नाम काटे गए हैं।










