टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश का ड्रामा खत्म होने के बाद दूसरा ड्रामा पाकिस्तान ने शुरू कर दिया है. पाकिस्तान की सरकार ने रविवार को अपनी क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में भाग लेने की अनुमति तो दे दी, लेकिन बिना कोई कारण बताए 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया.
पाकिस्तानी मीडिया भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसला के कई कारण बता रहा है, जिसमें मुख्य कारण बांग्लादेश को लेकर ICC का पक्षपातपूर्ण फैसला बताया गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तानी सरकार इस मुद्दे पर बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाना चाहती थी, इसी विरोध में पाकिस्तानी टीम से 15 फरवरी को भारत के साथ मैच न खेलने को कहा गया है.
उधर पाकिस्तान के इस फैसले पर अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान का आगामी T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप A मैच का बहिष्कार करने का फैसला ग्लोबल क्रिकेट की अखंडता को कमजोर करता है. और इसकी वजह से पाकिस्तान में क्रिकेट का बड़ा नुकसान हो सकता है.
ICC ने यह भी कहा कि वह इस बारे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहा है. आईसीसी ने अपने बयान में कहा, ‘ICC टूर्नामेंट खेल की अखंडता, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं, और चुनिंदा रूप से हिस्सा लेना प्रतियोगिताओं की भावना और पवित्रता को कमजोर करता है. हालांकि ICC राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकार की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला ग्लोबल खेल या दुनिया भर के फैंस, जिसमें पाकिस्तान के लाखों लोग शामिल हैं, के कल्याण के हित में नहीं है.










