उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. पाकबड़ा थाना क्षेत्र के सब्जीपुर मरी गांव में ऑनर किलिंग की वारदात में तीन भाइयों ने अपनी ही बहन काजल और उसके प्रेमी अरमान की बेरहमी से हत्या कर दी.
अरमान काजल से मिलने उसके घर आया था. घर में अरमान को देखकर काजल के भाइयों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने फावड़े से अरमान पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. जब काजल बीच-बचाव के लिए आई तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को नदी किनारे दफना दिया. इधर अरमान के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई. तीन दिन तक कोई सुराग न मिलने पर एसएसपी सतपाल अंकिल के निर्देश पर सख्त पूछताछ की गई, जिसमें भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों शव बरामद कर लिए।
मामला अलग अलग समुदाय से जुड़ा है। पुलिस ने प्रेमी के पिता की तहरीर पर युवती के भाइयों के खिलाफ FIR दर्ज करके युवती के दो भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मुरादाबाद के SSP सतपाल अंतिल ने मीडिया को बताया कि घटना मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में उमरी सब्जीपुर गांव की है। बुधवार शाम एक व्यक्ति ने थाने पहुंचकर अपने बेटे की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस अभी इस मामले में जांच कर ही रही थी कि गुरुवार सुबह इसी गांव के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के लापता होने की सूचना पुलिस को देकर बेटी को तलाश करने की मांग की। पुलिस ने गहनता से जांच की तो पता चला कि दोनों मामले आपस में जुड़े हुए हैं। युवक और युवती आपस में परिचित थे। गहराई से पड़ताल करने के बाद युवती के भाइयों पर कुछ शक हुआ। पुलिस ने युवती के दो भाइयों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी बहन और लापता युवक की हत्या कर दी है। दोनों का शव मंदिर के पीछे एक खेत में दबा दिया है।
काजल और अरमान पिछले दो साल से एक-दूसरे से प्यार करते थे। काजल पढ़ाई के साथ प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती भी थी। रविवार की रात अरमान काजल से मिलने उसके घर पहुंचा। वहां काजल के परिजनों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया। गुस्से में आकर युवती के दो भाइयों ने फावड़े से दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले अरमान को मारा, फिर काजल को भी उसी तरह मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए दोनों शवों को गांव से दूर गागन नदी के किनारे नीम करोली बाबा आश्रम के पास ले जाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया ।
घटना के बाद गांव में दो समुदायों के बीच तनाव का माहौल है। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने भारी बल तैनात कर दिया है। पीएसी की टीम भी मौके पर है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।










