नोएडा: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा सेक्टर-150 में टाटा यूरेका पार्क के पास एक निर्माणाधीन मॉल के गहरे गड्ढे में कार गिरने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की मौत हो गई थी. अब नालेज पार्क थाने में पुलिस ने बिल्डर अभय कुमार समेत 5 लोगों के ख़िलाफ एक और एफ़आईआर दर्ज की है. जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण, जल प्रदूषण समेत कई धाराओं में मुक़दमा दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक, बिल्डर अभय कुमार, संजय कुमार, मनीष कुमार, अचल बोहरा और निर्मल कुमार के नाम एफ़आईआर दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि सेक्टर-150 में आवंटित कमर्शियल भूखंड में सभी आरोपी पार्टर्नर हैं. कमर्शियल भूखंड में ही लापरवाही से बेसमेंट खोदा गया था. वहीं, घटनास्थल सेक्टर-150 पर गुरुवार को भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं.
सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के बाद जिस तरह से मामला तूल पकड़ा है, उसमें देखा जाए तो अब धीरे-धीरे कारवाइयां तेज की जा रही है. बिल्डरों के खिलाफ जहां एक और FIR नॉलेज पार्क थाना में हुई है. वहीं, अब उनकी गिरफ्तारी के लिए कमेटी बनाई गई है.
डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मिया ने बताया कि आरोपी सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. बता दें कि इस मामले में पहली FIR में गिरफ्तार बिल्डर अभय कुमार को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. यूपी के सीएम योगी के आदेश के बाद दागी बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई है.










