गाजा में शांति स्थापित करने की कोशिश तेज हो गई है। इन्हीं प्रयासों के तहत भारत को भी गाजा ‘बोर्ड ऑफ पीस’में शामिल होने का न्योता मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में संकट को सुलझाने के लिए भारत को ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है। भारत के इज़रायल और फिलिस्तीन दोनों के साथ ऐतिहासिक संबंध रहे हैं, और वहां संघर्ष शुरू होने के बाद से ही भारत मिस्र के रास्ते गाजा को मानवीय सहायता दे रहा है।
ट्रंप ने मोदी को एक पत्र भेजा है जिसे भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया.
पत्र में लिखा, पीएम मोदी को बोर्ड ऑफ पीस में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित करके गर्व महसूस हो रहा है, जिससे गाजा में पक्की शांति आएगी. बोर्ड स्टेबिलिटी और खुशहाली पाने के लिए असरदार गवर्नेंस को सपोर्ट करेगा!’
पत्र में ट्रंप ने कहा, ‘भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर, मिडिल ईस्ट में शांति को पक्का करने और साथ ही वैश्विक झगड़े को सुलझाने के लिए एक नए और हिम्मत वाले तरीके को अपनाने की बहुत ही ऐतिहासिक और शानदार कोशिश में मेरे साथ शामिल होने के लिए आपको बुलाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है!’
यह न्योता ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी प्रशासन ट्रंप के बड़े गाजा रोडमैप से जुड़े बोर्ड ऑफ पीस स्ट्रक्चर को फॉर्मल बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. शुक्रवार को व्हाइट हाउस ने गाजा संघर्ष को खत्म करने के लिए अपने 20-पॉइंट पीस प्लान के दूसरे फेज की देखरेख के लिए बोर्ड ऑफ पीस में नियुक्त किए गए लोगों की लिस्ट जारी की.










