जबलपुर: नर्मदा नदी के बरगी डैम में सैलानियों से भरा एक क्रूज पलटने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि इस क्रूज में 35 लोग सवार थे। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है. जानकारी के अनुसार 18 लोगों को डूबने से बचा लिया गया है।वहीं कुछ लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी मौके पर पहुंच चुके हैं। डैम में क्रूज पलटने से डूबे लोगों की तलाश की जा रही है। एसडीआरएफ और पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू कर रही है। मोटर बोट और स्पीड बोट से भी बचाव कार्य किया जा रहा है।
35 से 40 यात्रियों को ले जा रही एक क्रूज बोट पलट गई। क्रूज बोट पर 35 से 40 लोग सवार थे।इनमें से 18 लोगों को बचा लिया गया है जबकि 15 से 18 लोग अभी भी लापता हैं। गुरुवार को अचानक आए तूफान के बाद यह हादसा हुआ है। नदी से 4 शव बरामद किए गए हैं, जबकि लापता यात्रियों को ढूंढने और बचाने के लिए ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।
जबलपुर में क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुख जताते हुए ट्विट किया है। ट्विट में मोहन यादव ने लिखा, “जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
“शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।”









