अल्मोड़ा: सूबे में इन दिनों जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. अल्मोड़ा जिले में भी खासकर गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है. कई क्षेत्रों में गुलदार लोगों पर झपट रहा है और मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है. इसी कड़ी में सोमेश्वर तहसील क्षेत्र के महत गांव में गुलदार के आतंक से परेशान ग्रामीणों को रविवार को बड़ी राहत मिली, जब वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया.
बीते कुछ समय से महत गांव और आसपास के इलाकों में गुलदार की लगातार चहलकदमी देखी जा रही थी. गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीण खासे डरे हुए थे और शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे थे. बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी. ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की थी.
ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने आवश्यक अनुमति मिलने के बाद महत गांव में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया. रविवार को यह प्रयास सफल रहा और एक नर गुलदार पिंजरे में कैद हो गया. जैसे ही गुलदार के पकड़े जाने की खबर गांव में फैली, उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी.
गुलदार की दहशत से निजात दिलाने के लिए वन विभाग कर रहा ये काम: वन क्षेत्राधिकारी मनोज लोहनी ने ये भी बताया कि गुलदार की दहशत से लोगों को निजात दिलाने के लिए विभाग की ओर से क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है. भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर ऐसे कदम उठाए जाएंगे. गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और वन विभाग की तत्परता की सराहना की है.










