देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा गरमाया हुआ है. कांग्रेस इस मद्दे पर बीजेपी पर लगातार हमलावर है. पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इस मुद्दे को हवा दी है. कांग्रेस प्रदेश में जगह-जगह प्रदर्शन कर बीजेपी नेता पर कार्रवाई की मांग कर रही है.इसी सिलसिले में कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाला.
पूर्व सीएम हरीश रावत ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए डोईवाला ब्लॉक में कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया. इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और अंकिता के असली दोषी वीआईपी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की.कांग्रेसियों ने हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में मामले की जांच की मांग की है.
दरअसल, बीते दिनों भाजपा के ही पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी कहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक वीडियो जारी किया था. वीडियो में उर्मिला सनावर ने भाजपा के एक बड़े नेता पर आरोप लगाया है. अंकिता भंडारी केस में VVIP का नाम गट्टू बताया था. जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इस मुद्दे पर कांग्रेस बीजेपी पर लगातार निशाना साध रही है.










