नई दिल्ली : रेलवे ने नए साल से पहले रेल यात्रियों को बड़ा झटका दिया है. रेल यात्रियों के रेलवे ने अपने किराए में बदलाव करने का निर्णय लिया है. इसकी वजह से जनरल, मेल/एक्सप्रेस और एसी श्रेणियों के टिकट महंगे हो जाएंगे.
रेलवे के मुताबिक किराए की ये बढ़ी हुई दरें 26 दिसंबर 2025 से लागू कर दी जाएंगी. हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि लोकल ट्रेनों के अलावा मासिक सीजन टिकट (MST) के किराए में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है.
किस कैटगरी में कितना बढ़ेगा किराया?
- रेलवे के अनुसार, 215 किमी से अधिक के सफर पर साधारण श्रेणी में 1 पैसा प्रति किमी की वृद्धि होगी.
- मेल/एक्सप्रेस में नॉन-एसी श्रेणी में 2 पैसा प्रति किमी किराया बढ़ जाएगा.
- एसी श्रेणी (AC क्लास) में भी 2 पैसा प्रति किमी की बढ़ोतरी की गई है.
- 500 किमी की नॉन-एसी यात्रा पर यात्रियों को कुल मिलाकर सिर्फ 10 रुपये अधिक देने होंगे.
रेलवे के मुताबिक बीते 10 सालों में नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या में काफी विस्तार हुआ है. वहीं सुरक्षा और बेहतर संचालन को लेकर भी रेलकर्मियों की संख्या में इजाफा किया गया है, जिनका वेतन और भत्ते का खर्च भी बढ़ा है. रेलवे के अनुसार, मैनपावर पर खर्च बढ़कर 1.15 लाख करोड़ हो गया है. साथ ही रेलकर्मियों के पेंशन पर खर्च सालाना 60,000 करोड़ है. वहीं रेलवे का कुल ऑपरेशन खर्च (2024-25) 2.63 लाख करोड़ रुपये रहा.
इस वजह से रेलवे ने इन खर्चों को संतुलित करने के लिए माल ढुलाई बढ़ाने के साथ-साथ सीमित यात्री किराए में सीमित बढ़ोतरी की घोषणा की है. साथ ही रेलवे का कहन है कि सुरक्षा उपायों की वजह से सेफ्टी में काफी सुधार हुआ है. वहीं भारत अब विश्व का दूसरा सबसे बड़ा माल ढोने वाला नेटवर्क बन चुका है जो त्योहारों के समय में 12 हजार से अधिक ट्रेनों का संचालन कर अपनी कार्यक्षमता का रिकॉर्ड बना चुका है.










